स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 विश्‍व कप 2026 से बाहर होने के बाद पाकिस्‍तान टीम बांग्‍लादेश का दौरा करेगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। सीरीज की शुरुआत 11 मार्च से होगी। विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान वनडे सीरीज में पाकिस्‍तान टीम का हिस्‍सा हैं। उन्‍होंने पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर लगने वाले जुर्माने पर चुप्‍पी तोड़ी है।

विश्‍व कप में नहीं थे रिजवान

हाल ही में खबर आई कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) द्वारा खिलाड़ियों पर टी20 विश्व कप 2026 में खराब प्रदर्शन के लिए जुर्माना लगाया गया है। जब रिजवान से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे PCB द्वारा जुर्माने की आधिकारिक घोषणा के बाद ही इस पर कुछ कह सकते हैं। बता दें कि रिजवान टी20 विश्‍व कप 2026 में पाकिस्‍तानी स्‍क्वॉड का हिस्‍सा नहीं थे।

भारत ने पाकिस्‍तान को हराया था

ESPN क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी ने टीम के सभी सदस्यों पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये (लगभग 18,000 अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना ग्रुप स्‍टेज में भारत के खिलाफ पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के तुरंत बाद लगाया गया। इस मैच में भारत ने सलमान अली आगा की कप्‍तानी वाली टीम को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में 61 रनों से मात दी थी।

सेमीफाइनल में नहीं पहुंची टीम

पीसीबी ने खिलाड़ियों को बताया था कि सेमीफाइनल में पहुंचने पर जुर्माना माफ किया जा सकता है। पल्लेकेले में श्रीलंका को 65 रनों से हराने में नाकाम रहने के बाद ऐसा नहीं हुआ। रिपोर्ट ने पुष्टि की कि जुर्माना केवल खराब फील्डिंग प्रदर्शन के कारण लगाया गया था।

ये सिर्फ मीडिया रिपोर्ट्स हैं

रिजवान ने पत्रकारों से कहा, “कई लोगों ने मुझसे इस बारे में पूछा है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पीसीबी ने अभी तक इस संबंध में खुलकर कोई पुष्टि नहीं की है। अगर 50 लाख रुपये का जुर्माना है, तो इसकी आधिकारिक घोषणा होनी चाहिए। फिलहाल ये सिर्फ मीडिया रिपोर्ट्स हैं। मैं आधिकारिक घोषणा होने पर ही इस पर कमेंट कर सकता हूं।”

भारत का मैच नहीं देखता

टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्‍लैंड को 7 रन से हराया। इस पर रिजवान ने कहा कि वह भारतीय टीम के मैच नहीं देखते हैं। रिजवान ने कहा, “माफ कीजिए, मैं उनके मैच नहीं देखता।”